महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला जेल से सोमवार सुबह चार कैदियों के फरार होने का मामला सामने आया है। कैदियों ने जेल की ऊंची दीवार पार करने के लिए कंबलों का सहारा लिया और करीब सुबह 4 बजे भागने में सफल रहे। घटना की पुष्टि एडिशनल एसपी ने की है। फरार कैदियों की तलाश में पुलिस की टीमें जुट गई हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, फरार होने वालों में तीन कैदी धरमवीर, लीलाधर और राजेंद्र शामिल हैं, जो NDPS एक्ट के तहत जेल में बंद थे। वहीं चौथा कैदी पंचराम चोरी के मामले में निरुद्ध था। सुबह जब कैदियों के फरार होने की जानकारी सामने आई तो जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।

पांच कैदियों ने बनाई थी भागने की योजना
बताया जा रहा है कि जेल से भागने की कोशिश में कुल पांच कैदी शामिल थे। चार कैदी कंबलों की मदद से दीवार फांदकर बाहर निकल गए, जबकि पांचवां कैदी दीवार पार करने के दौरान नीचे गिर गया। उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
पहले भी जेल से फरार हो चुके हैं कैदी
महासमुंद जिला जेल से कैदियों के फरार होने की यह पहली घटना नहीं है। मई 2021 में भी पांच कैदी दिनदहाड़े जेल की ऊंची दीवार फांदकर भाग निकले थे। फरार कैदियों में एक उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का निवासी था, जबकि चार अन्य महासमुंद जिले के रहने वाले थे। उस घटना के बाद जेल प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए चार प्रहरियों को निलंबित किया था, जिनमें मुख्य प्रहरी भी शामिल था।

