बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को बिलासपुर दौरे के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लगातार चुनावों में मिल रही हार से कांग्रेस नेता हताश और बौखलाए हुए हैं। अब उनकी बातों में पहले जैसा दम नहीं रह गया है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेताओं की तुलना ‘फ्यूज बल्ब’ से करते हुए कहा कि उनकी राजनीतिक चमक खत्म हो चुकी है।
मुख्यमंत्री साय सोमवार को जनजातीय गौरव दिवस समारोह और विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने बिलासपुर पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने नक्सलवाद, धान खरीदी और शहर में शुरू हुई आधुनिक पार्किंग सुविधा को लेकर भी अपनी बात रखी।
नक्सलवाद के खात्मे पर जवानों की सराहना की अपील
नक्सलवाद के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि जिन लोगों ने अपने कार्यकाल में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने का साहस नहीं दिखाया, उन्हें आज इस चुनौती को खत्म करने वाले सुरक्षा जवानों का स्वागत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का मार्गदर्शन व सहयोग मिला। सरकार और सुरक्षाबलों ने दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ अभियान चलाया, जिसके परिणामस्वरूप नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली। सीएम ने कहा कि नक्सल प्रभावित इलाकों के लोग भी हिंसा से परेशान हो चुके थे। वे शांति और विकास चाहते थे। नक्सलवाद के खिलाफ अभियान को स्थानीय लोगों का भी समर्थन मिला, जिससे इस लड़ाई को मजबूती मिली।
21 क्विंटल तक धान की अंतर राशि किसानों को मिलेगी
धान खरीदी को लेकर मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में सरकार के फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी के तहत प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदने का वादा किया गया है। हालांकि, सभी किसानों की जमीन और उत्पादन क्षमता एक जैसी नहीं होती। कई किसान प्रति एकड़ 12 से 15 क्विंटल ही धान पैदा कर पाते हैं। ऐसे पात्र किसानों को वास्तविक धान बिक्री के बाद 21 क्विंटल की निर्धारित सीमा तक बची हुई अंतर राशि भी दी जाएगी। उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि यदि कोई किसान प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान बेचता है, तो शेष 6 क्विंटल के हिसाब से भी उसे राशि मिलेगी।
किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की मिलेगी आदान सहायता
सीएम के मुताबिक, इस व्यवस्था के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूरी आदान सहायता मिलेगी। उन्होंने सेंदरी धान खरीदी केंद्र में किसानों से बातचीत के दौरान यह जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे खुद किसान परिवार से आते हैं, इसलिए खेती-किसानी की चुनौतियों और किसानों की जरूरतों को समझते हैं।
सरकारी कर्मचारियों के लिए आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र शुरू
बिलासपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने जिला कार्यालय में सरकारी कर्मचारियों के लिए आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का भी शुभारंभ किया। इसका उद्देश्य कर्मचारियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना और सरकारी कामकाज में डिजिटल सुविधाओं के बेहतर इस्तेमाल को बढ़ावा देना है।
बिलासपुर को मिली प्रदेश की पहली ऑटोमेटेड कार पार्किंग
शहर के पुराने बस स्टैंड के व्यस्त कारोबारी इलाके में प्रदेश की पहली शटल तकनीक आधारित ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग का शुभारंभ भी मुख्यमंत्री ने किया। करीब 12.60 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस पांच मंजिला पार्किंग भवन में एक साथ 80 कारें खड़ी की जा सकेंगी। इस पार्किंग की खासियत यह है कि वाहन चालक को कार केवल भूतल पर निर्धारित स्थान पर खड़ी कर बाहर निकलना होगा। इसके बाद एलिवेटर कार को संबंधित मंजिल तक पहुंचाएगा और शटल रोबोट उसे खाली जगह पर पार्क कर देगा। कार वापस लेने के लिए भी चालक को पार्किंग सिस्टम के जरिए अनुरोध करना होगा, जिसके बाद वाहन अपने आप निकास द्वार तक पहुंचा दिया जाएगा।

