‘तू मेरे को जेल भेजेगा बे…’ : मुंगेली कोर्ट में आरोपी की गुंडागर्दी, जज के डायस तक पहुंचकर दी जान मारने से की धमकी

मुंगेली। जिला न्यायालय में पेशी के दौरान ट्रक चोरी के एक आरोपी ने जमकर हंगामा किया। पुलिसकर्मी जब उसे कटघरे में खड़ा कर रहे थे, तभी उसने अपना नाम बताने से इनकार कर दिया और उनके साथ बदसलूकी शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी कटघरे से छलांग लगाकर पीठासीन अधिकारी के डायस तक पहुंच गया। उसने अधिकारी को धमकाने के साथ सामने लगे कांच के फ्रेम को तोड़ने की कोशिश भी की। मामले में CJM ने खुद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।

नाम पूछने पर पुलिसकर्मियों से करने लगा अभद्रता

मिली जानकारी के अनुसार, सरगांव थाना क्षेत्र में दर्ज ट्रक चोरी के मामले में पुलिस ने भगतराम राजपूत (25) को गिरफ्तार किया था। 16 नवंबर को शाम करीब 4:30 बजे उसे रिमांड के लिए मुंगेली जिला न्यायालय में पेश किया गया। इस दौरान पुलिसकर्मी आरोपी को न्यायालय के कटघरे में ले जा रहे थे। तभी उसने अपना नाम बताने से मना कर दिया और पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। देखते ही देखते उसका व्यवहार आक्रामक हो गया और उसने कोर्ट परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।

कटघरे से कूदकर डायस तक पहुंचा आरोपी

शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने पीठासीन अधिकारी की ओर उंगली दिखाते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी की और धमकी देने लगा। इसके बाद वह अचानक कटघरे से कूदकर अधिकारी के सामने स्थित डायस तक पहुंच गया। वहां लगे कांच के फ्रेम को जोर-जोर से तोड़ने का प्रयास किया। इस दौरान उसने पीठासीन अधिकारी और न्यायालयीन कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी भी दी। आरोपी की इस हरकत से न्यायालय में मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों में नाराजगी फैल गई।

CJM ने थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत

घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) शत्रुघन कुमार बेलदार ने स्वयं थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दी। शिकायत में आरोपी के व्यवहार को न्यायालय की गरिमा के खिलाफ बताते हुए उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।

इन धाराओं के तहत केस दर्ज

शिकायत के आधार पर मुंगेली पुलिस ने भगतराम राजपूत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी पहले से पुलिस की गिरफ्त में है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

बिलासपुर में CM साय का कांग्रेस पर तंज :...

बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को बिलासपुर दौरे के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लगातार चुनावों में मिल रही...

धमतरी में CRPF जवान ने की आत्महत्या : 10...

धमतरी। सिहावा क्षेत्र के सातबहाना गांव में दीपावली की खुशियां उस समय गम में बदल गईं, जब छुट्टी पर घर आए CRPF जवान ने...

भूपेश बघेल का साय सरकार पर तीखा हमला :...

रायपुर। रायगढ़ जिले के खरसिया स्थित बोतल्दा रॉक गार्डन में युवती के साथ मारपीट और सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर प्रदेश की राजनीति...

राजनांदगांव में धान के अवैध परिवहन का बड़ा मामला...

राजनांदगांव। धान खरीदी सीजन में अवैध परिवहन और गड़बड़ी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी कड़ी...