रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर आयकर विभाग (Income Tax Department) की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। बुधवार सुबह से प्रदेश के कई जिलों में आईटी की अलग-अलग टीमों ने एक साथ छापेमारी शुरू की है। राजधानी रायपुर, बिलासपुर और रायगढ़ समेत कई शहरों में कारोबारियों और कारोबारी समूहों से जुड़े ठिकानों पर जांच की जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, इस कार्रवाई में आयकर विभाग के 100 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं। टीमों ने सुबह करीब 5 बजे अलग-अलग ठिकानों पर पहुंचकर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ के जवानों की तैनाती भी किए जाने की जानकारी सामने आई है।

बर्बरीक ग्रुप के ठिकानों पर भी पहुंची टीम
आयकर विभाग की टीम ने प्रदेश के कई बड़े कारोबारी समूहों को जांच के दायरे में लिया है। इनमें बर्बरीक ग्रुप का नाम भी सामने आ रहा है। ग्रुप से जुड़े विभिन्न ठिकानों पर अधिकारियों की जांच जारी है। फिलहाल विभाग की ओर से कार्रवाई को लेकर आधिकारिक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
रायगढ़ इस्पात ग्रुप पर भी छापेमारी
रायगढ़ में इस्पात ग्रुप से जुड़े ठिकानों पर भी आयकर विभाग ने छापेमार कार्रवाई शुरू की है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, रायगढ़ इस्पात और बर्बरीक ग्रुप के बीच कारोबारी संबंध बताए जा रहे हैं। दोनों समूहों के ठिकानों पर एक साथ जांच किए जाने की सूचना है।
फिलहाल आयकर विभाग की टीमें अलग-अलग स्थानों पर दस्तावेजों और कारोबारी लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। कार्रवाई किस मामले को लेकर की जा रही है और जांच में क्या तथ्य सामने आए हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

