रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ की महज 3 साल 9 महीने की मासूम काव्या इन दिनों ब्लड कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही है। उसका इलाज रायपुर स्थित AIIMS में चल रहा है। बीमारी से जूझ रही इस नन्ही बच्ची ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक भावुक अपील लिखी है, जिसमें उसने प्रधानमंत्री को ‘दादाजी’ कहकर संबोधित किया है और अपने इलाज के लिए मदद मांगी है।
काव्या की अपील में बचपन के सपनों, बीमारी के डर और परिवार की आर्थिक परेशानी का दर्द साफ झलकता है। उसने अपनी चिट्ठी में लिखा है कि वह अभी बहुत छोटी है और उसे दुनिया की ज्यादा समझ नहीं है, लेकिन इतना जरूर जानती है कि वह बीमार है और उसके मम्मी-पापा उसकी बीमारी को लेकर बेहद परेशान हैं।

डॉक्टर बनने का सपना देखती है काव्या
काव्या ने अपनी चिट्ठी में बताया कि कुछ दिन पहले तक वह आंगनबाड़ी जाती थी। वहां दूसरे बच्चों के साथ खेलती थी और धीरे-धीरे पढ़ना-लिखना सीख रही थी। उसे खिलौनों से खेलना, मां की गोद में सोना और पिता के साथ घूमना पसंद है। बड़ी होकर वह डॉक्टर बनना चाहती है, ताकि अस्पताल में बीमार बच्चों का इलाज कर सके, लेकिन कम उम्र में ही ब्लड कैंसर का पता चलने के बाद उसकी जिंदगी अस्पताल और इलाज के बीच सिमट गई है। काव्या ने लिखा कि उसने कई बार अपने माता-पिता को रोते हुए देखा है। डॉक्टरों और पिता के बीच बीमारी को लेकर हुई बातचीत सुनकर उसे डर लगने लगा कि कहीं वह दोबारा अपने घर न लौट पाए।
भूमिहीन किसान हैं पिता, इलाज का खर्च उठाना मुश्किल
काव्या के पिता भूमिहीन किसान हैं और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। ऐसे में बेटी के गंभीर इलाज का खर्च उठाना परिवार के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। अपनी भावुक अपील में काव्या ने प्रधानमंत्री से अपने पिता की मदद करने की गुहार लगाई है। उसने इलाज के लिए आर्थिक सहायता के साथ AIIMS रायपुर में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की है।
‘मैं खिलौना या चॉकलेट नहीं, थोड़ी सी जिंदगी मांग रही हूं’
काव्या की चिट्ठी की सबसे भावुक पंक्तियां हैं, जब वह प्रधानमंत्री से कहती है कि उसे कोई खिलौना या चॉकलेट नहीं चाहिए, बल्कि वह सिर्फ थोड़ी-सी जिंदगी चाहती है।
उसने लिखा, “दादाजी, मुझे अभी स्कूल जाना है। मुझे आंगनबाड़ी में खेलना है। मुझे अपने मम्मी-पापा के साथ घर लौटना है। मुझे अपना डॉक्टर बनने का सपना पूरा करना है। प्लीज दादाजी, मुझे जीना है।”
तीन साल की बच्ची की यह मार्मिक अपील लोगों का ध्यान खींच रही है। अब उम्मीद है कि उसकी गुहार संबंधित जिम्मेदार लोगों तक पहुंचेगी और काव्या को इलाज के लिए हरसंभव मदद मिल सकेगी।

