तीन तूफानों से छत्तीसगढ़ के किसानों की फसल बर्बाद : 80% किसान प्रभावित होने का दावा, दीपक बैज ने सरकार से मांगा कर्जमाफी और मुआवजा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफानों और बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। शनिवार को राजधानी रायपुर स्थित राजीव भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने दावा किया कि बीते 24 दिनों में प्रदेश ने तीन चक्रवाती तूफानों का सामना किया है। इससे करीब 80 प्रतिशत किसान प्रभावित हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इतनी बड़ी क्षति के बावजूद सरकार अब तक फसल नुकसान का सर्वे नहीं करा पाई है।

खेतों में खड़ी और कटी फसलें बर्बाद, किसानों को राहत नहीं

दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश के कई हिस्सों में खेतों में खड़ी फसल के साथ काटकर रखी गई फसल भी बारिश की भेंट चढ़ गई है। धान खरीदी केंद्रों में भी बारिश के कारण धान भीग रहा है। बस्तर में बाढ़ जैसे हालात बने और लाखों हेक्टेयर में फसल खराब होने की स्थिति पैदा हुई है। इसके बावजूद प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए सरकार की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों ने कर्ज लेकर खेती की थी। प्राकृतिक आपदा ने उनकी मेहनत और खेती में लगाई गई पूंजी, दोनों को नुकसान पहुंचाया है। कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी है। बैज ने सरकार से प्रभावित किसानों का कर्ज माफ करने और फसल क्षति के हिसाब से उचित मुआवजा देने की मांग की।

पटवारी हड़ताल पर, नुकसान का सर्वे कौन करेगा?

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने फसल नुकसान के सर्वे को लेकर भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पटवारी हड़ताल पर हैं, ऐसे में यह सवाल है कि किसानों की फसलों को हुए नुकसान का आकलन आखिर कौन करेगा। बैज ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार जमीन पर सर्वे कराने के बजाय मुंह से ही सर्वे कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिल पा रहा है और वे लगातार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।

धान खरीदी की व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीपक बैज ने धान खरीदी व्यवस्था को लेकर भी सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों से धान खरीदने को लेकर गंभीर नहीं है। प्राकृतिक आपदा से पहले ही परेशान किसान अब खरीदी केंद्रों में धान भीगने की समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने सरकार से खरीदी केंद्रों में तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त करने और किसानों को राहत पहुंचाने की मांग की।

छत्तीसगढ़ की अस्मिता के अपमान पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बैज ने छत्तीसगढ़ की भाषा, बोली, संस्कृति और आस्था के अपमान से जुड़े मामले को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की अस्मिता को ठेस पहुंचाने वाली भाषा का इस्तेमाल किसी को नहीं करना चाहिए। छत्तीसगढ़ की एकता और अखंडता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। श्री बैज ने दावा किया कि इस मामले में एक दर्जन से अधिक थानों में शिकायतें दर्ज कराई गई हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार इस मामले में चुप क्यों है और कार्रवाई करने से पीछे क्यों हट रही है? उन्होंने सरकार से तत्काल कदम उठाने की मांग की।

मधुबाला गिरी के वीडियो को लेकर प्रदेश में विरोध

दरअसल, मधुबाला गिरी का एक वीडियो सामने आने के बाद प्रदेश में विरोध और शिकायतों का सिलसिला जारी है। वीडियो को लेकर आरोप है कि इसमें छत्तीसगढ़ के अस्तित्व पर सवाल उठाने के साथ ही प्रदेश की अस्मिता और लोगों के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है। चप्पल से मारने जैसी टिप्पणी किए जाने का आरोप भी लगाया जा रहा है। कांग्रेस ने इस मामले में सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

CM साय का जनदर्शन : 26 नवंबर को मुख्यमंत्री...

रायपुर। छत्तीसगढ़ की आम जनता के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सीधे मुलाकात कर अपनी समस्याएं और मांगें रखने का अवसर मिलने जा रहा...

कांकेर में GST अधिकारी पर ACB का शिकंजा :...

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने जीएसटी विभाग की अधिकारी अर्चना गिरी के आवास पर दबिश दी है। अधिकारी पर...

महासमुंद में पुलिस आरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत...

महासमुंद। जिले में शनिवार सुबह एक पुलिस आरक्षक का शव जंगल में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।...

बर्बरिक और पीआरए समूह पर IT की बड़ी कार्रवाई...

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोयला, लोहा और सड़क निर्माण कारोबार से जुड़े बर्बरिक कंस्ट्रक्शन और पीआरए समूह पर आयकर विभाग की छापेमारी में बड़े वित्तीय...