कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने जीएसटी विभाग की अधिकारी अर्चना गिरी के आवास पर दबिश दी है। अधिकारी पर एक कारोबारी से जीएसटी की राशि कम कराने के बदले डेढ़ लाख रुपये मांगने का आरोप है। बताया जा रहा है कि कारोबारी के घर पहुंचकर रकम छोड़ने के बाद बाहर निकलते ही एसीबी की टीम ने कार्रवाई की। यह पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जीएसटी में राहत देने के बदले रकम मांगने का आरोप
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एक व्यवसायी ने जीएसटी अधिकारी अर्चना गिरी पर टैक्स की राशि कम कराने के एवज में डेढ़ लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया था। इस संबंध में एसीबी को शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर ब्यूरो की टीम ने मामले पर नजर रखी और कार्रवाई की तैयारी की।
कारोबारी के निकलते ही ACB ने दी दबिश
बताया जा रहा है कि कारोबारी अधिकारी के आवास पर रकम छोड़कर बाहर निकला ही था कि एसीबी की टीम वहां पहुंच गई। टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। अचानक हुई इस दबिश से क्षेत्र में हलचल मच गई।
कार्रवाई के बाद जांच में जुटी टीम
फिलहाल एसीबी की कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है। अधिकारी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच और बरामदगी से जुड़ी आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।

