हत्या का दोषी पैरोल पर जेल से निकला और 18 साल से फरार : 10 दिन की छुट्टी लेकर गायब हुआ बंदी, अब रायपुर पुलिस ने दर्ज की FIR

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हत्या के मामले में सजा काट रहा एक बंदी पैरोल का फायदा उठाकर जेल से बाहर निकला और फिर वापस नहीं लौटा। 10 दिन की पैरोल अवधि खत्म होने के बाद से वह लापता है। करीब 18 साल तक इस मामले में उसकी वापसी नहीं होने के बाद अब पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू की है। केंद्रीय जेल प्रशासन की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने फरार बंदी गणेश देवांगन के खिलाफ FIR दर्ज की है।

2008 में मिली थी 10 दिन की पैरोल

पुलिस और जेल से मिले दस्तावेजों के मुताबिक, गणेश देवांगन पिता लक्ष्मीनारायण देवांगन को 23 जुलाई 2008 को रायपुर केंद्रीय जेल से 10 दिन की पैरोल पर रिहा किया गया था। पैरोल की अवधि पूरी होने के बाद उसे निर्धारित समय पर जेल में वापस उपस्थित होना था, लेकिन वह तय तारीख पर नहीं पहुंचा। इसके बाद जेल प्रशासन ने उसकी वापसी के लिए आवश्यक प्रक्रिया अपनाई, लेकिन बंदी का कोई पता नहीं चल सका। तब से वह फरार बताया जा रहा है।

जेल अधीक्षक के पत्र के बाद दर्ज हुआ केस

केंद्रीय जेल रायपुर के अधीक्षक ने 19 नवंबर 2026 को कोतवाली थाना प्रभारी को पत्र भेजकर मामले में FIR दर्ज करने और कार्रवाई करने का अनुरोध किया था। पत्र में बंदी क्रमांक 9480/95 गणेश देवांगन को जिला दंडाधिकारी रायपुर के आदेश पर पैरोल दिए जाने का उल्लेख किया गया है। जेल प्रशासन के अनुसार, पैरोल की अवधि समाप्त होने के बाद भी बंदी के नहीं लौटने पर पहले भी पुलिस से पत्राचार किया गया था। दस्तावेजों में उसका पुराना पता पुरानी बस्ती इलाके के मिनीमाता चौक-बूढ़ेश्वर चौक के आसपास का दर्ज है। पुलिस ने थाना क्षेत्र और उपलब्ध रिकॉर्ड की जांच के बाद मामला कोतवाली क्षेत्र का पाया।

हाईकोर्ट से संबंधित है मामला

जेल अधीक्षक के पत्र में यह भी बताया गया है कि प्रकरण उच्च न्यायालय से जुड़ा हुआ है। इसी वजह से फरार बंदी की मौजूदा स्थिति की जानकारी जुटाने और FIR की प्रति उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था। केंद्रीय जेल से मिले दस्तावेजों के आधार पर कोतवाली पुलिस ने गणेश देवांगन के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 224 के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।

18 साल बाद पुलिस के सामने गिरफ्तारी की चुनौती

पैरोल पर रिहा होने के बाद से गणेश देवांगन का कोई पता नहीं चल पाया है। अब पुलिस के सामने करीब 18 साल से फरार चल रहे बंदी की तलाश कर उसे गिरफ्तार करने की चुनौती है। जांच के दौरान पुलिस उसके पुराने पते और उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

सरगुजा में अडानी के CSR कार्यों की खुलेगी जांच...

अंबिकापुर। सरगुजा जिले में कोयला खदानों और उनसे जुड़ी गतिविधियों को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। अडानी एंटरप्राइजेज के सामाजिक...

CM साय का बड़ा बयान : बोले- भ्रष्टाचार के...

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रकाश पर्व के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में भ्रष्टाचार के मामलों...

रिहाई के बाद अमित बघेल का सरकार पर हमला...

रायपुर। हेट स्पीच मामले में जेल में बंद जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष अमित बघेल सोमवार को रिहा हो गए। सुप्रीम कोर्ट के...

ऑनलाइन गेमिंग की लत ने बनाया चोर, 10 लाख...

राजनांदगांव। ऑनलाइन गेमिंग की लत और करीब 10 लाख रुपये के कर्ज ने एक युवक को अपराध की राह पर धकेल दिया। कर्ज चुकाने...