सक्ती। जिले में तीन दिनों से लापता 38 वर्षीय महेश राम केंवट का शव बुधवार सुबह गंगासागर तालाब से बरामद किया गया। वह 22 नवंबर की रात से घर से लापता था। परिजन और पुलिस उसकी तलाश कर रहे थे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन के बाद बिलासपुर से राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम को भी बुलाया गया था। बुधवार सुबह तालाब से उसका शव मिलने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया।
जुए की फड़ पर पुलिस दबिश के दौरान तालाब में कूदने का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि घटना वाली रात गांव में जुए की फड़ पर पुलिस ने कार्रवाई की थी। इस दौरान कथित तौर पर कुछ युवकों के साथ मारपीट भी की गई। ग्रामीणों के मुताबिक, पुलिस की कार्रवाई और पकड़े जाने के डर से महेश ने तालाब में छलांग लगा दी थी। हालांकि, घटना के वास्तविक घटनाक्रम और मौत के कारणों की जांच की जा रही है।
22 नवंबर की रात घर से निकला था महेश
मिली जानकारी के अनुसार, महेश गांव में दुकान चलाता था। 22 नवंबर की रात करीब 9 बजे वह घर से निकला था। उसने परिजनों को बताया था कि पड़ोस में रहने वाले लालजी लोहार के निधन के बाद उनके घर पर रखवाली करने जा रहा है। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। अगली सुबह 23 नवंबर को करीब 7 बजे तक महेश के घर नहीं पहुंचने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पत्नी गणेशी केंवट ने हसौद थाने में शिकायत दर्ज कराई। परिजनों ने उसके अपहरण कर कहीं बंधक बनाए जाने की आशंका भी जताई थी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की थी।
ट्रेनी थाना प्रभारी जयराम साहू निलंबित
मामले में एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने हसौद के प्रशिक्षु थाना प्रभारी जयराम साहू को गंभीर लापरवाही का जिम्मेदार मानते हुए निलंबित कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्रशिक्षु थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दिए बिना अकेले कार्रवाई की थी। बताया गया है कि पुलिस वाहन को देखकर जुए में शामिल लोग भागने लगे। इसी दौरान एक व्यक्ति तालाब में कूद गया था, जिसकी पहचान बाद में महेश केंवट के रूप में हुई। मामले की विस्तृत जांच के लिए प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, डभरा/चंद्रपुर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
परिजनों ने की 50 लाख मुआवजे और हत्या का केस दर्ज करने की मांग
महेश की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी है। कांग्रेस नेताओं और परिवार ने प्रशिक्षु थाना प्रभारी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने, उनके निलंबन और पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग उठाई है। वहीं, दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने बिलासपुर-चंद्रपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। फिलहाल ट्रेनी थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।

