रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का अगला सत्र 14 से 17 दिसंबर तक आयोजित होगा। चार दिनों के इस सत्र से पहले विधायकों की सदन में मौजूदगी और विधायी कामकाज में भागीदारी का रिपोर्ट कार्ड चर्चा में है। विधानसभा के उपस्थिति रजिस्टर के मुताबिक, 19 दिसंबर 2023 से 17 जुलाई 2026 तक कुल 79 कार्यदिवसों में भाजपा के छह विधायकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
इनमें शकुंतला सिंह पोर्ते, प्रेमचंद पटेल, अनुज शर्मा, रोहित साहू, रिकेश सेन और दिवंगत विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा शामिल हैं। दूसरी ओर कांग्रेस का कोई भी विधायक सभी 79 कार्यदिवसों में सदन में मौजूद नहीं रहा। कांग्रेस की चातुरी नंद, अंबिका मरकाम और यशोदा नीलाम्बर वर्मा ने 77-77 दिन उपस्थिति दर्ज कराई। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के एकमात्र विधायक तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम 73 दिन सदन पहुंचे।
रेणुका सिंह की सबसे कम उपस्थिति, कवासी लखमा 45 दिन आए
सामान्य विधायकों में सबसे कम उपस्थिति भाजपा विधायक रेणुका सिंह सरुता की रही। उन्होंने कुल 79 कार्यदिवसों में से केवल 32 दिन ही सदन में उपस्थिति दर्ज कराई। वहीं कोंटा से कांग्रेस विधायक कवासी लखमा 45 दिन विधानसभा पहुंचे। अन्य प्रमुख विधायकों की बात करें तो रायपुर पश्चिम के भाजपा विधायक राजेश मूणत और भिलाई नगर के कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव की उपस्थिति 50-50 दिन रही। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 59 दिन और बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल 63 दिन सदन में मौजूद रहे। इस उपस्थिति रजिस्टर में विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और मंत्रियों का रिकॉर्ड शामिल नहीं है, क्योंकि ये पदाधिकारी उपस्थिति पत्रक पर हस्ताक्षर नहीं करते हैं।
सवाल पूछने में अनुज शर्मा सबसे आगे
विधानसभा में नियमित मौजूदगी के साथ विधायी सवालों के जरिए सक्रियता भी देखने को मिली। सभी 79 दिन उपस्थित रहने वाले विधायकों में अनुज शर्मा ने सबसे ज्यादा 237 सवाल पूछे। रोहित साहू ने 115, रिकेश सेन ने 103, शकुंतला सिंह पोर्ते ने 56 और प्रेमचंद पटेल ने 51 सवाल लगाए। वहीं सर्वाधिक सवाल पूछने वाले विधायकों में भावना बोहरा का नाम सबसे ऊपर रहा। उन्होंने 284 सवाल लगाए और 78 दिन सदन में उपस्थित रहीं। धरमलाल कौशिक, अजय चंद्राकर और भोलाराम साहू ने भी 284-284 सवाल पूछे। इन तीनों की उपस्थिति 76-76 दिन रही।
विपक्ष ने सत्ता पक्ष से पूछे 3,181 ज्यादा सवाल
फरवरी 2024 से जुलाई 2026 के बीच आयोजित विधानसभा सत्रों में कुल 12,559 सवाल लगाए गए। इनमें विपक्षी विधायकों की ओर से 7,870 और सत्ता पक्ष के विधायकों की ओर से 4,689 सवाल पूछे गए। इस तरह विपक्ष ने सत्ता पक्ष के मुकाबले 3,181 अधिक सवाल सदन में उठाए।

