रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में बड़ी खबर सामने आई है। मामले में वर्ष 2023 से फरार चल रहे आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू (शिब्बू) को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत लाने की तैयारी की जा रही है। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक, विकास अग्रवाल को दुबई में गिरफ्तार किया गया है और UAE सरकार उसे भारत डिपोर्ट करने की प्रक्रिया में जुटी है। उसे एक सप्ताह के भीतर भारत लाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी को भारत लाने के लिए ACB/EOW की विशेष टीम जल्द ही UAE रवाना हो सकती है। टीम का नेतृत्व ACB/EOW चीफ अमरेश मिश्रा कर सकते हैं। विदेश दौरे और आरोपी की वापसी से संबंधित जरूरी दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

डिस्टिलरी और FL-10A लाइसेंसधारकों से कमीशन वसूली का आरोप
जांच एजेंसियों के मुताबिक, विकास अग्रवाल पर शराब कारोबार से जुड़े डिस्टिलरी और FL-10A लाइसेंसधारकों से कमीशन वसूली के आरोप हैं। उसे इस अवैध वसूली की रकम अनवर ढेबर तक पहुंचाने वाली अहम कड़ी माना जाता है।
पूछताछ में खुल सकते हैं कई बड़े राज
विकास अग्रवाल की गिरफ्तारी और भारत वापसी को शराब घोटाले की जांच में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। उससे पूछताछ में कथित अवैध पैसों के लेन-देन, कमीशन नेटवर्क और इस पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका से जुड़े कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है। साथ ही अवैध कमाई के अंतिम लाभार्थियों तक पहुंचने में भी जांच एजेंसियों को मदद मिल सकती है।

