रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) में चेयरमैन की नियुक्ति और नई भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जल्द अच्छी खबर मिलने के संकेत दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि बहुत जल्द CGPSC चेयरमैन की नियुक्ति कर दी जाएगी और इसके साथ ही वैकेंसी भी निकलेगी। मुख्यमंत्री के इस बयान से आयोग में नियुक्ति और भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है।
मीडिया से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है और लगातार चुनाव हारने के कारण बौखलाई हुई है। उनके मुताबिक, कांग्रेस जनता का विश्वास खो चुकी है, इसलिए अनर्गल बयानबाजी कर रही है।
EVM और चुनाव आयोग पर कांग्रेस को घेरा
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने चुनावी नतीजों को लेकर कांग्रेस की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव जीतने पर ईवीएम और चुनाव आयोग को सही बताती है, जबकि हार मिलने पर इन्हीं पर सवाल खड़े करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव में हार के बाद कभी ईवीएम तो कभी चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। उन्होंने कांग्रेस के इस रवैये को ‘खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे’ वाली कहावत से जोड़कर निशाना साधा।
धान खरीदी पर बोले- किसानों को घर बैठे मिले सुविधाएं
धान खरीदी को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को बेहतर सुविधाएं देने और खरीदी व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के अन्नदाता किसानों को दूसरे प्रदेशों की तुलना में बेहतर लाभ मिल रहा है। सरकार का प्रयास है कि किसानों को अधिकतम सुविधाएं घर बैठे उपलब्ध कराई जा सकें। मुख्यमंत्री ने इस वर्ष लिए गए फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि जिन किसानों की उपज 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम होगी, उन्हें भी 21 क्विंटल के हिसाब से अंतर की राशि दी जाएगी। इससे कम उत्पादन वाले किसानों को भी निर्धारित सीमा के अनुरूप आर्थिक लाभ मिल सकेगा।
विशेष सत्र को बताया महत्वपूर्ण, परिसीमन से बढ़ेंगे प्रतिनिधित्व के अवसर
विधानसभा के विशेष सत्र को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका आयोजन अच्छा कदम है और इससे लाभ मिलेगा। उन्होंने परिसीमन का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की संख्या बढ़ सकती है। ऐसे में अधिक लोगों को जनप्रतिनिधित्व का अवसर मिलेगा।

