रायपुर। महादेव ऑनलाइन बैटिंग और सट्टा ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जांच तेज कर दी है। शुक्रवार को एजेंसी की अलग-अलग टीमों ने छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग-भिलाई और धमतरी सहित कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान सरकारी विभाग में पदस्थ एक कर्मचारी, होटल कारोबारी और सट्टा ऐप के कथित सरगना सौरभ चंद्राकर के रिश्तेदार से जुड़े ठिकानों की तलाशी ली गई। इसी मामले में ED ने दिल्ली में भी कारोबारी राहुल मक्कर और रियल एस्टेट व्यवसायी शेली ग्रोवर व उनके बेटे माधव ग्रोवर से जुड़े परिसरों पर कार्रवाई की है।
रायपुर में वित्त सहायक के घर पहुंची ED की टीम
रायपुर के जोरा स्थित पार्क शिरीन कॉलोनी में ED की टीम ने जेल एवं होमगार्ड विभाग में वित्त सहायक के पद पर पदस्थ राजेन्द्र सिंह के आवास पर दबिश दी। यहां जांच अधिकारियों ने दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों को खंगाला। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि तलाशी के दौरान टीम को कौन-कौन से रिकॉर्ड मिले हैं।
दुर्ग-भिलाई और धमतरी में भी जांच
दुर्ग-भिलाई में एक चर्चित होटल के मालिक के आवास और उनसे जुड़े अन्य ठिकानों पर ED की कार्रवाई की जानकारी सामने आई है। वहीं धमतरी में सौरभ चंद्राकर के एक रिश्तेदार के घर सहित कुछ अन्य स्थानों पर जांच एजेंसी की टीम पहुंची। इन सभी स्थानों पर कार्रवाई को महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े कथित अवैध वित्तीय लेन-देन और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, छत्तीसगढ़ में हुई इन छापेमारियों को लेकर ED की ओर से अब तक विस्तृत आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
दिल्ली में राहुल मक्कर और ग्रोवर परिवार के ठिकानों पर भी छापे
महादेव सट्टा मामले में ED ने दिल्ली में लग्जरी कैटरिंग कारोबारी राहुल मक्कर तथा रियल एस्टेट व्यवसायी शेली ग्रोवर और उनके बेटे माधव ग्रोवर से जुड़े परिसरों की भी तलाशी ली है। जांच एजेंसी के दायरे में ग्रोवर पिता-पुत्र से जुड़ी नौ कंपनियां भी शामिल हैं। राहुल मक्कर की कैटरिंग कंपनी ने वर्ष 2023 में UAE में सौरभ चंद्राकर की भव्य शादी में सेवाएं दी थीं। ED को संदेह है कि सट्टे से अर्जित रकम का कुछ हिस्सा कारोबारी नेटवर्क के जरिए इन लोगों तक पहुंचा और बाद में दुबई के रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स तथा भारत के हॉस्पिटैलिटी कारोबार में निवेश किया गया।
सट्टे की कमाई का नेटवर्क खंगाल रही जांच एजेंसी
बताया जा रहा है कि दिल्ली में हुई कार्रवाई सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों और जानकारियों के आधार पर की गई। ED अब यह पता लगाने में जुटी है कि महादेव सट्टा ऐप से कथित तौर पर अर्जित रकम किन व्यक्तियों और कंपनियों के माध्यम से आगे भेजी गई और उसका इस्तेमाल किन कारोबारों तथा संपत्तियों में हुआ।

