बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में तीन महीने की गर्भवती महिला का उसकी सहमति के बिना गर्भपात कराने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने पति पर तलाक लेने की मंशा से महिला डॉक्टर के साथ मिलकर गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर सिरगिट्टी पुलिस ने पति और जेपी हॉस्पिटल की संचालक महिला डॉक्टर के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, आरोपी डॉक्टर को हाईकोर्ट से भी फिलहाल राहत नहीं मिली है। अदालत ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी है।
तलाक की मंशा से गर्भपात कराने का आरोप
पीड़िता के मुताबिक, वह तीन महीने की गर्भवती थी। इसी दौरान उसके पति सुयश अग्रवाल ने तलाक लेने की मंशा से डॉक्टर के साथ मिलकर उसकी सहमति के बिना गर्भपात करा दिया। महिला का आरोप है कि पति को आशंका थी कि बच्चे के जन्म के बाद तलाक की प्रक्रिया में कानूनी अड़चनें आ सकती हैं। इसी वजह से इस घटना को अंजाम दिया गया।

पति और डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज
पीड़िता की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने पति सुयश अग्रवाल और जेपी हॉस्पिटल की संचालक डॉ. उज्वला कराड़े के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 89 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हाईकोर्ट ने खारिज की अग्रिम जमानत याचिका
मामले में आरोपी डॉक्टर ने गिरफ्तारी से बचने के लिए हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की थी, लेकिन अदालत ने याचिका खारिज कर दी। इससे डॉक्टर को फिलहाल गिरफ्तारी से राहत नहीं मिल सकी है।
फिलहाल इस मामले में पति और महिला डॉक्टर दोनों पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। अब दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी और पुलिस की आगामी कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

