कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा में एक व्यापारी द्वारा अपने परिवार सहित आत्महत्या का प्रयास करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, व्यापारी ने अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ कीटनाशक का सेवन कर लिया, जिससे चारों की हालत गंभीर हो गई।
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने सभी को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी की स्थिति नाजुक बनी हुई है। पूरा मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र का है।

मौके से परिजनों को 3 पेज का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। सुसाइड नोट में एक कबाड़ी व्यापारी से परेशान होने का उल्लेख किया गया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि उक्त कबाड़ी व्यापारी ने लगभग 5 करोड़ रुपये की राशि वापस नहीं की, जिससे मानसिक तनाव के चलते यह कदम उठाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन पड़ताल कर रही है। फिलहाल, सिटी कोतवाली पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है और संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है।