कोरबा। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कोयले से भरी एक तेज रफ्तार ट्रेलर वाहन ने बाइक सवार युवकों को कुचल दिया, जिससे तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें भरा कोयला सड़क पर बिखर गया। बाइक सवार तीनों युवक वाहन के नीचे दब गए थे, जिन्हें हाइड्रा मशीन की मदद से काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।

मृतकों की पहचान बृजपाल सिंह कंवर (23 वर्ष), मंगल सिंह (25 वर्ष) पिता सुकनाथ और ओम प्रकाश पिता मंगल सिंह के रूप में हुई है। तीनों युवक पोटापानी, पाली क्षेत्र के निवासी थे और बाइक से दीपका स्थित एक निजी कंपनी में काम पर जा रहे थे।
घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीण मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है और पुलिस हालात को नियंत्रित करने में जुटी हुई है।