दुर्ग जिले में एक और रोड एक्सीडेंट: इस रोड में दो बाइक के बीच जबरदस्त भिड़ंत, टक्कर इतनी भयानक की दोनों बाइक के उड़े परखच्चे… 1 की मौत, पति-पत्नी घायल; हादसे की वजह आई सामने

  • दोनों बाइक में जबरदस्त भिड़ंत
  • नवजात बच्चे को देखने गए थे, वापसी में होर्डिंग की वजह से हादसा

दुर्ग। दुर्ग जिले में सड़क हादसे की खबर आ रही है। दो बाइक सवार के बीच जबरदस्त टक्कर हुई है। इस हादसे में एक बाइक सवार योगेश ठाकुर की मौत हो गई है और दो घायल बताए जा रहे है। महेश्वरी और लक्ष्मी दोनों घायल पति-पत्नी है। जिले में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ते जा रहा है। इस हादसे की वजह सड़क किनारे लगी होर्डिंग को बताया जा रहा है। होर्डिंग की वजह से बाइक चालकों को सामने आ रही बाइक दिखी नहीं और तेज स्पीड होने की वजह से दोनों आपस में टकरा गए और ये जानलेवा हादसा हो गया।

दोनों बाइक में जबरदस्त भिड़ंत
पद्मनाभपुर TI राजीव तिवारी ने जानकारी दी कि, मृतक की पहचान योगेश ठाकुर, पिता रोहित ठाकुर (22 साल) के रूप में हुई है। वो शकुंतला नगर धनोरा का रहने वाला था और हुडको में आईटीआई कर रहा था। वो बीती रात 10 बजे के करीब बाइक CG 04 MW 8205 से धनोरा जा रहा था। अचानक मोड के पास बड़ी होर्डिंग लगी है। इससे योगेश सामने आ रही बाइक CG 07 BV 6024 को देख नहीं पाया। इससे दोनों बाइक स्पीड में एक दूसरे टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी की दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए। योगेश के सिर में गहरी चोट आने से उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक में सवार पति पत्नी महेश्वरी बघेल व लक्ष्मी को भी गहरी चोट आई। 112 की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचा गया, जहां डॉक्टर ने योगेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं दोनों पति पत्नी की हालत गंभीर बताई जा रही है।

नवजात बच्चे को देखने गए थे वापसी में होर्डिंग की वजह से हादसा
घायल महेश्वरी और लक्ष्मी पंचदेवरी कुम्हारी के रहने वाले हैं। वो लोग दुर्ग जिला अस्पताल अपने परिचित का नवजात बच्चा देखने के लिए गए थे। वहां से वो लोग उमरपोटी अपने ससुराल जा रहे थे। तभी रास्ते में दोनों सड़क हादसे का शिकार हो गए। पद्मनाभपुर थाना प्रभारी राजीव तिवारी ने कहा कि जो होर्डिंग लगी है वो गलत लगी हुई है। होर्डिंग की वजह से दुर्घटना स्थल पर ब्लाइंड स्पॉट बन गया है। इसे हटाने के लिए उन्होंने दुर्ग नगर निगम को पत्र लिखा है।