भिलाई। 10 साल की बच्ची ने घर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घर का दरवाजा खोलने में देरी करने पर बच्ची का छोटे भाई से झगड़ा हो गया। उसने पिता से भी शिकायत कर दी। इससे नाराज होकर चौथी कक्षा की छात्रा ने दूसरे कमरे में जाकर फांसी लगा ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला जामुल थाना क्षेत्र का है।
पुलिस ने बताया कि जामुल गणेश नगर निवासी मृतिका गुरप्रीत कौर उर्फ खुशी स्थानीय स्वामी आत्मानंद स्कूल में पढ़ती थी। पिता तीरथ सिंह ड्राइवर हैं और मां ब्यूटी पार्लर में काम करती है। घटना के समय दोनों घर से बाहर थे। छोटा भाई भी बाहर खेलने गया था। घर पहुंचा तो उसने काफी देर बाद दरवाजा खोला। इस पर दोनों के बीच झगड़ा हो गया।

भाई की शिकायत पर पिता से मिली डांट से गुरप्रीत नाराज होकर दूसरे कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। फिर टेबल लगाकर चुनरी के सहारे सीलिंग फैन से फंदा बनाकर फांसी में लटक गई। देर शाम परिजन घर पहुंचे, भाई से उसकी जानकारी ली। कमरे का दरवाजा खोलने के लिए दरवाजा खटखटाने पर जवाब नहीं मिला तो पड़ोसियों की मदद से खोला, जहां बच्ची फांसी पर लटकी थी।