दुर्ग-रायपुर NH-53 पर भीषण हादसा: खड़े ट्रैक्टर से टकराई तेज रफ्तार स्कूटी, 2 महिलाओं और 2 बच्चियों समेत 4 की मौत, मासूम घायल

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे-53 पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं और दो बच्चियों सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कुम्हारी थाना क्षेत्र में उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार स्कूटी सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर के पीछे जा घुसी।

जानकारी के अनुसार, स्कूटी (CG 07 DE 5847) पर एक ही परिवार के पांच लोग सवार थे। हादसा सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच दुर्ग से रायपुर जाने वाले मार्ग पर हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो महिलाओं और दो बच्चियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं एक वर्षीय बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर (CG 07 NA 0930) नेशनल हाईवे के किनारे खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कूटी अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर के पीछे जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की।

कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया है कि हादसे के समय हाईवे से नेताओं का काफिला गुजर रहा था और पुलिस प्रोटोकॉल ड्यूटी में व्यस्त होने के कारण तत्काल राहत कार्य में देरी हुई।

पुलिस के मुताबिक अमृत निर्मलकर (28 वर्ष) स्कूटी चला रही थीं। उनके साथ कुल पाँच लोग बसंत विहार, रायपुर स्थित अपने मामा के घर जाने के लिए निकले थे। रास्ते में राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े क्रमांक CG 07 NA 0930 ट्रैक्टर, जिसमें ऑक्सीजन सिलेंडर लोड थे, के पीछे स्कूटी टकरा गई। दुर्घटना में चार व्यक्तियों की घटनास्थल पर मृत्यु हो गई, जबकि एक बालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे में इनकी हुई मौत

  1. अमृत निर्मलकर, उम्र 28 वर्ष, निवासी भिलाई-3
  2. लक्ष्मी निर्मलकर, उम्र 26 वर्ष
  3. यासना, उम्र 7 वर्ष
  4. डाली, उम्र 4 वर्ष

घायल : भावेश, उम्र 8 वर्ष, उपचारार्थ एम्स रायपुर में भर्ती।

सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला स्थित मर्चुरी में रखा गया है। घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। दुर्घटना में संलिप्त ट्रैक्टर को पुलिस द्वारा जप्त कर थाना परिसर लाया गया है। ट्रैक्टर चालक भोला यादव को पूछताछ हेतु थाना लाया गया है। प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रकरण की विवेचना जारी है तथा दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

Exit mobile version