गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पेंड्रा नगर स्थित राय पेट्रोल पंप के पास कोयले से भरे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिता और उनके मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, कुडकई गांव निवासी परिवार स्कूटी से पेंड्रा की ओर आ रहा था। इसी दौरान ओवरटेक करने के प्रयास में तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर स्कूटी से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और पिता-पुत्र ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और पेंड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पिता और बेटे को मृत घोषित कर दिया। घायल महिला का उपचार जारी है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भाग रहे ट्रेलर का पीछा कर उसे रोक लिया और चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण और सख्त यातायात व्यवस्था लागू करने की मांग की है।