CG में ‘लव स्टोरी’ का दर्दनाक अंत: 4 साल पहले बच्चों को छोड़कर भागे प्रेमी जोड़े ने की खुदकुशी, अलग-अलग फंदे पर मिली लाश

CG

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पांडातराई थाना क्षेत्र में एक प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतकों की पहचान रामलाल चंद्रवंशी (34) और रीना चंद्रवंशी (29) के रूप में हुई है। दोनों पिछले चार साल से अपने परिवारों को छोड़कर साथ रह रहे थे।

दोस्ती, प्यार और फिर पलायन

जानकारी के मुताबिक, मृतक रामलाल चंद्रवंशी शादीशुदा था और उसके दो बच्चे थे। वहीं, रीना का पति रामलाल का दोस्त था और उसके भी दो बच्चे हैं। दोस्त के घर आने-जाने के दौरान रामलाल और रीना के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया। करीब 4 साल पहले, दोनों अपने-अपने मासूम बच्चों और जीवनसाथी को छोड़कर रायपुर भाग गए थे।

महीने भर पहले ही लौटे थे गांव

रायपुर में रामलाल ड्राइवरी का काम करता था और दोनों वहां पति-पत्नी की तरह रह रहे थे। बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले ही दोनों वापस अपने गांव लौटे थे और परिवार से अलग रह रहे थे। रविवार को जब रामलाल के पिता सब्जी देने उनके घर पहुंचे, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं आया, तो उन्होंने खिड़की से झांका। अंदर का मंजर देख उनके होश उड़ गए; दोनों की लाशें अलग-अलग फंदे पर लटक रही थीं।

आर्थिक तंगी बनी वजह? पुलिस जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पांडातराई पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शवों को बाहर निकाला। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, लेकिन शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि दोनों आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे, जिसके कारण उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा।

थाना प्रभारी कमलाकांत शुक्ला ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले में मर्ग कायम कर परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि मौत की असल वजह स्पष्ट हो सके।

Exit mobile version