CG: शादी की खुशियां मातम में बदली, आशीर्वाद समारोह के बाद दूल्हे ने दी जान; इलाके में सनसनी

CG

कन्हारपुरी (धमतरी)। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम कन्हारपुरी में एक नवविवाहित युवक ने शादी के महज दूसरे दिन ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जिस घर में कल तक शहनाइयां बज रही थीं और मेहमानों की चहल-पहल थी, वहां अब चीख-पुकार और सन्नाटा पसरा हुआ है।

आशीर्वाद समारोह की रात ही खौफनाक कदम

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 28 वर्षीय सिद्धेश्वर कंवर का विवाह 16 अप्रैल को महासमुंद जिले के ग्राम डोकरपाली में बड़े ही धूमधाम से हुआ था। 17 अप्रैल को बारात वापस कन्हारपुरी लौटी, जहाँ रात में आशीर्वाद समारोह (रिसेप्शन) का आयोजन था। देर रात तक चले इस जश्न में रिश्तेदार और ग्रामीण नवदंपति को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दे रहे थे। समारोह खत्म होने के बाद सिद्धेश्वर अपने कमरे में सोने चला गया, लेकिन किसी को क्या मालूम था कि यह उसकी आखिरी रात होगी।

खिड़की से झांका तो उड़ गए होश

शनिवार सुबह जब काफी देर तक सिद्धेश्वर के कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों ने आवाज लगाई। कोई जवाब न मिलने पर जब परिजनों ने खिड़की से अंदर झांका, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। सिद्धेश्वर का शव फंदे पर लटका हुआ था।

पुलिस जांच में जुटी, वजह अब भी रहस्य

घटना की सूचना मिलते ही कुरूद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का पता चल सके। पुलिस अब परिजनों और नवविवाहिता से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की असल वजह सामने आ सके।

Exit mobile version