मासूम बेटे के सिर से उठा मां का साया : ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, पत्नी की मौत, परीक्षा देकर रायपुर से लौट रही थी भिलाई

दुर्ग। जिले के भिलाई स्थित सिरसा चौक में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। रायपुर से रेलवे की परीक्षा देकर लौट रही एक महिला की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके पति और 8 वर्षीय बेटे को मामूली चोटें आई हैं।

मिली जानकारी के अनुसार मृतका भारती, भिलाई खुर्सीपार की निवासी थी। वह अपने पति और बेटे के साथ रायपुर रेलवे की परीक्षा देने गई थी। परीक्षा के बाद तीनों बाइक से वापस भिलाई लौट रहे थे। इसी दौरान सिरसा चौक के पास नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि भारती की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके पति और बच्चे को हल्की चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Exit mobile version