फ्रूटी में निकली केंचुएनुमा वस्तु, बच्ची की तबीयत बिगड़ी, खाद्य विभाग ने जांच के लिए भेजा सैंपल

धमतरी। जिले के मगरलोड क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ग्राम करेलीबड़ी में एक बच्ची द्वारा खरीदी गई फ्रूटी के पैक में केंचुएनुमा लंबी वस्तु दिखाई देने के बाद हड़कंप मच गया। घटना के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर उसे एहतियातन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, बच्ची ने गांव के एक जनरल स्टोर से फ्रूटी खरीदी थी। घर पहुंचकर जब वह जूस पी रही थी, तभी परिजनों की नजर पैक के अंदर मौजूद संदिग्ध वस्तु पर पड़ी। पैक के भीतर लंबी केंचुए जैसी चीज दिखाई देने पर परिवार के लोग घबरा गए और तत्काल बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे।

घटना की सूचना मिलते ही खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और संबंधित दुकान से फ्रूटी के सैंपल जब्त कर जांच के लिए भेज दिए। विभाग यह भी पता लगा रहा है कि संबंधित उत्पाद किस थोक विक्रेता से खरीदा गया था और उसकी सप्लाई चेन क्या रही है।

खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पैक के अंदर फंगल या जैविक संक्रमण जैसी वस्तु दिखाई दे रही है। वास्तविक स्थिति प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। विभाग ने संबंधित रिटेलर और उत्पाद की बिक्री से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच शुरू कर दी है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। लोग यह जानना चाहते हैं कि बाजार में बिक रहे ब्रांडेड उत्पादों की गुणवत्ता की निगरानी किस प्रकार की जा रही है। साथ ही यह भी सवाल उठ रहा है कि कहीं एक्सपायरी या खराब तरीके से संग्रहित उत्पाद तो उपभोक्ताओं तक नहीं पहुंच रहे हैं।

फिलहाल खाद्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का आश्वासन दिया है और कहा है कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों ने खाद्य पदार्थों की नियमित जांच और बाजार में बिक रहे पैक्ड उत्पादों की गुणवत्ता पर सख्त निगरानी की मांग की है।

Exit mobile version