जिला योजना समिति के सदस्य बने सेक्टर-10 पार्षद अभय सोनी…वार्डवासियों ने मुलाकात कर दी बधाई, पहली बार मैदान में उतरे और मिल गई जीत

भिलाई। पिछले दिनों जिला योजना समिति का चुनाव हुआ। सेक्टर-10 सिविक सेंटर से पार्षद अभय सोनी भी जिला योजना समिति का चुनाव जीते। उनकी इस जीत पर वार्डवासियों में हर्ष का माहौल है। बता दें कि, सभी 16 पदों पर कांग्रेस के ही प्रतिनिधि निर्वाचित हुए हैं।

सेक्टर-10 के रहवासी प्रवीण देवघरे, महंत यादव,समीर घोषाल, शिवकुमार, गणेश राम, अनन्य शर्मा, साइमन समेत अन्य ने मुलाकात कर बधाई दी है। आपको बता दें कि अभय सोनी पहली बार कांग्रेस पार्टी से चुनाव लड़े और चुनाव जीतकर वार्डवासियों का भरोसा जीता। विधायक देवेंद्र यादव के करीबियों में से एक माने जाते हैं। विधायक देवेंद्र की अनुसंशा पर ही उन्हें जिला योजना समिति का सदस्य बनाया गया है।

समिति के 16 सदस्यों के लिए शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के सभागार में मतदान हुआ। मतदान पश्चात तत्काल परिणाम की घोषणा भी कर दी गई। भिलाई नगर निगम में 5 सदस्यों के लिए हुए चुनाव में 7 उम्मीदवार थे। सभी पद पर कांग्रेस समर्थित पार्षद ही जीते। यहां कांग्रेस के 43, भाजपा के 24 और 3 निर्दलीय पार्षद हैं। सभी 70 पार्षदों ने मतदान में भाग लिया।

रिसाली नगर निगम क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार 27 मत प्राप्त कर विजयी रहे। भाजपा के प्रत्याशी को 13 मत मिले। नगर पालिक निगम भिलाई तीन-चरोदा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी को 24 मत मिले। प्रतिद्वंदी को 16 मत मिले। नगर पालिका परिषद जामुल कुम्हारी अहिवारा एवं नगर पंचायत पाटन धमधा उतई क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार ने 52 मत हासिल कर जीत दर्ज की। प्रतिद्वंदी को 44 पार्षदों का समर्थन मिला। इस तरह निकायों में भी कांग्रेस को एकतरफा जीत मिली। भाजपा को हर जगह मायूसी हाथ लगी।

जिला पंचायत ग्रामीण क्षेत्र से 6 सदस्य चुने जाने थे। इसके लिए कांग्रेस की ओर से उपाध्यक्ष अशोक साहू, पुष्पा यादव, योगिता चंद्राकर, मोनू साहू, शमशीर कुरैशी और आकाश कुर्रे चुनाव मैदान में थे। वही भाजपा ने हर्ष लोकमनी चंद्राकर को मैदान में उतारा था। इसमें पूरे 6 सदस्य कांग्रेस के चुनकर आए। उन्हें 8 -8 और हर्षा को मात्र 4 मत मिले।

दुर्ग नगर निगम क्षेत्र से 2 पद के लिए 4 प्रत्याशी मैदान में थे। दोनों सदस्य कांग्रेस के ही चुने गए। यहां भी दोनों विजयी प्रत्याशियों में एक को 34 और दूसरे को 40 मत मिले। भाजपा समर्थित प्रत्याशियों में से एक को 25 और दूसरे को 17 वोट मिले। आंकड़े से साफ है क्रॉस वोटिंग हुई है।