ACB की बड़ी कार्रवाई, ग्रामीण से रिश्वत लेते SI-ASI रंगे हाथों गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला…

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) अंबिकापुर की टीम ने पुलिस विभाग के दो अधिकारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मर्ग जांच के दौरान एक ग्रामीण को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 25 हजार रुपये की रिश्वत ली जा रही थी। पहले से सुनियोजित ट्रैप कार्रवाई में दोनों को दबोच लिया गया।

जानकारी के अनुसार पूरा मामला कोरिया जिले की बचरापोड़ी पुलिस चौकी का है। यहां चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर अब्दुल मुनाफ और एएसआई ध्रुव प्रसाद यादव पदस्थ हैं। दोनों ने सत्येंद्र प्रजापति नामक ग्रामीण को फर्जी मामले में फंसाने की धमकी देकर 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में सौदेबाजी कर 25 हजार रुपये में रकम तय की गई थी।

दरअसल कुछ समय पहले सत्येंद्र प्रजापति के घर के सामने स्थित एक गड्ढे में गिरकर डेढ़ वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस मामले में बचरापोड़ी पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही थी। चूंकि गड्ढा उसके घर के सामने था, इसलिए उसे बयान के लिए चौकी बुलाया गया। इसी दौरान चौकी प्रभारी और एएसआई ने उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी देते हुए रिश्वत की मांग की।

पीड़ित ग्रामीण ने इसकी शिकायत अंबिकापुर स्थित एंटी करप्शन ब्यूरो कार्यालय में की। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद ACB टीम ने ट्रैप प्लान किया। तय योजना के मुताबिक ग्रामीण को रिश्वत की रकम देकर चौकी भेजा गया। जैसे ही उसने रकम दोनों पुलिसकर्मियों को सौंपी, बाहर मौजूद टीम को संकेत दिया। इसके बाद ACB टीम ने चौकी में छापा मारकर दोनों को रकम सहित गिरफ्तार कर लिया।

ACB अधिकारियों के अनुसार दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

Exit mobile version