भिलाई। सुपेला संडे मार्केट में आज दूसरे रविवार को भी तगड़ी कार्रवाई हुई। निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे सुबह से मौके पर मौजूद रहे और इनके नेतृत्व में कब्जा धारियों को हटाया गया। सुपेला संडे मार्केट को व्यवस्थित करने, सड़क को सुगम बनाने और ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार लाने के लिए आज निगम की पांच संयुक्त टीम ने मिलकर कार्रवाई की। 36 स्थानों पर से अतिक्रमण व कब्जा हटाया गया।

इससे पूर्व विगत दो-तीन दिनों से समझाइश दी जा रही थी। कुछ लोगों ने फिर से टेबल पर रख कर समान विक्रय करना प्रारंभ कर दिया था। इसको देखते हुए सुबह से पहुंची टीम ने सड़कों पर रखे टेबल को हटवाया और सड़क पर दुकानें लगने नहीं दी। इस दौरान लगातार पुलिस प्रशासन की टीम और पेट्रोलिंग वाहन मॉनिटरिंग करती रही।
अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी ने ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए व्यवसायियों से चर्चा की। पिछले रविवार को सुपेला संडे मार्केट पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए सड़क को सुगम किया गया था। फिर से मार्केट अवस्थित न हो इस उद्देश्य से इस रविवार को भी निगम की टीम पूरी मुस्तैदी के साथ और प्लानिंग के साथ संडे मार्केट में कार्यवाही के लिए मौजूद थी।
सड़क बाधा करने वाले तथा बिल्डिंग मटेरियल रखने वाले द्विवेदी बिल्डिंग मटेरियल के संचालक से 10000 रुपए जुर्माना भी वसूल किया गया और इनके मटेरियल को जब्त भी किया गया। कार्रवाई में जोन आयुक्त मनीष गायकवाड व पूजा पिल्ले, सहायक राजस्व अधिकारी परमेश्वर चंद्राकर, बालकृष्ण नायडू, अनिल मेश्राम, मलखान सिंह सोरी व अंजनी सिंह आदि मौजूद रहे।