बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में हुए सनसनीखेज अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। थाना चंदनू पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में गांव के ही आरोपी रामप्रसाद सोनवानी उर्फ बंगाली को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते महिला की हत्या की। इसके बाद शव के साथ दुष्कर्म किया और पहचान छिपाने के लिए शव के टुकड़े कर शिवनाथ नदी में फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार, थाना चंदनू क्षेत्र के सोनपुरी गांव की रहने वाली दुकलिहिन बाई 7 जुलाई से लापता थीं। 9 जुलाई को उनका शव ग्राम तुमा के पास शिवनाथ नदी में दो अलग-अलग गठरियों में मिला था। शव की हालत देखकर पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित की। जांच में फोरेंसिक विशेषज्ञ, डॉग स्क्वॉड और साइबर सेल को लगाया गया। आरोपी की तलाश के लिए ड्रोन, नाव और सर्च लाइट का भी इस्तेमाल किया गया। तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक जांच और लगातार पूछताछ के आधार पर पुलिस ने गांव के ही रामप्रसाद सोनवानी उर्फ बंगाली को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
विरोध करने पर की हत्या, फिर शव के टुकड़े किए
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने महिला के साथ गलत काम करने की कोशिश की थी। महिला के विरोध करने पर उसने फावड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने शव के साथ दुष्कर्म किया और अपराध छिपाने के लिए शव के हाथ-पैर काटकर दो गठरियों में बांधकर शिवनाथ नदी में फेंक दिया।आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त फावड़ा, आरी और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद कर लिए हैं।
पहले भी हत्या के मामले में काट चुका है सजा
पुलिस के मुताबिक, आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। वह वर्ष 2017 में एक महिला की हत्या के मामले में सजा काट चुका है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि इस सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में थाना चंदनू, साइबर सेल और फोरेंसिक टीम की संयुक्त जांच और तकनीकी साक्ष्यों की अहम भूमिका रही।