दुर्ग। जिले में एक 55 वर्षीय लापता महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। महिला का शव पुलगांव नाला के पास झाड़ियों में अर्धनग्न अवस्था में मिला है। शव के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, पुलगांव नाला के समीप रिलायंस पेट्रोल पंप के बगल से शिवनाथ नदी की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते के किनारे स्थित जंगलनुमा झाड़ियों में शुक्रवार शाम करीब 6 बजे स्थानीय लोगों ने एक महिला का शव देखा। सूचना मिलने पर पुलगांव थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने मृतका की पहचान भगवंतीन बाई साहू (55 वर्ष), निवासी ओम नगर, उरला के रूप में की है। परिजनों के अनुसार, भगवंतीन बाई 16 जुलाई की शाम करीब 4 बजे घर से निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर 17 जुलाई को सिटी कोतवाली थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
गुमशुदगी दर्ज होने के कुछ ही समय बाद पुलगांव क्षेत्र से उनका शव मिलने की सूचना सामने आई। मृतका के पति हिरऊ राम साहू का पहले ही निधन हो चुका है। वह अपनी बेटी रोशनी देशमुख और दामाद कृष्ण देशमुख के साथ रहती थीं तथा मजदूरी कर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करती थीं।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। वहीं सिर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका को लेकर जांच तेज कर दी गई है।