रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में पति, पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। शुरुआती जांच में पति का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला है, जबकि पत्नी और तीनों बच्चों की मौत जहर सेवन से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
घटना टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर स्थित मदनी चौक की है। सूचना मिलने पर पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान साजिद अली (50), उनकी पत्नी, 19 वर्षीय बेटे इरशाद अली, 17 वर्षीय शाहिदा बेगम और 16 वर्षीय इरशाबा परवीन के रूप में हुई है।

शाम से बंद था घर का दरवाजा
टिकरापारा पुलिस के मुताबिक पड़ोसियों ने बताया कि शुक्रवार शाम से घर का दरवाजा नहीं खुला था। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर लोगों को संदेह हुआ। जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो कमरे में परिवार के पांचों सदस्यों के शव पड़े मिले। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
8 महीने पहले आए थे किराए के मकान में
जानकारी के अनुसार परिवार मूल रूप से शीतला मंदिर के पास मतपुर का रहने वाला था और करीब आठ महीने पहले ही संजय नगर स्थित सैयद जहीर के मकान में किराए से रहने आया था।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं—आत्महत्या, पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों—को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।