रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के दौरान छत्तीसगढ़ महतारी के अपमान को लेकर सियासत गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मुद्दे पर प्रदेश की भाजपा सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि भाजपा को छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़ियों से कोई प्रेम नहीं है।
भूपेश बघेल ने कहा कि चुनाव के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर लगाकर जनता के बीच पहुंचे थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद भाजपा सरकार को छत्तीसगढ़ महतारी और प्रदेश की भावनाओं से कोई लेना-देना नहीं रह गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता छत्तीसगढ़ के हितों के बजाय यहां के प्राकृतिक संसाधनों पर है। बघेल ने कहा कि सरकार को छत्तीसगढ़ की खदानों से मतलब है। उन्होंने कोयला खदान, सीमेंट प्लांट, पावर प्लांट और लौह अयस्क खदानों को लेकर भी सवाल उठाए। पूर्व मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार की मंशा यही है कि सत्ता की कुर्सी बची रहे, भले ही प्रदेश के संसाधनों की लूट होती रहे।