दुर्ग में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के बड़े नेटवर्क का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड की तलाश जारी

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और सुपेला पुलिस की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रूंगटा कॉलेज के पीछे राजा गार्डन स्थित एक मकान में दबिश देकर दोनों को सट्टा संचालित करते हुए पकड़ा।

मासिक वेतन पर सट्टा काटने के लिए रखे गए थे आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश हरिनखेड़े और डिकेश प्रसाद तिवारी के रूप में हुई है। एडिशनल एसपी मणिशंकर चंद्रा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पूछताछ में गिरोह के मुख्य सरगना के रूप में देवेंद्र कुमार साहू का नाम सामने आया है। आरोप है कि देवेंद्र ने दोनों युवकों को मासिक वेतन पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने के लिए रखा था।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह विंबज्ज (Wimbzz) ऐप के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट मैचों पर दांव लगवाता था। सट्टे की रकम के लेनदेन के लिए कथित तौर पर दूसरे लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था।

अलग-अलग लोगों के नाम पर मिले ATM कार्ड और पासबुक

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कई एटीएम कार्ड और बैंक पासबुक जब्त किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये दस्तावेज अलग-अलग लोगों के नाम पर हैं। पुलिस को आशंका है कि इन बैंक खातों का इस्तेमाल अवैध रकम के लेनदेन और उसे छिपाने के लिए किया जा रहा था।

फिलहाल साइबर यूनिट जब्त बैंक खातों की ट्रांजेक्शन हिस्ट्री खंगाल रही है, ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और पैसों के लेनदेन का पता लगाया जा सके।

मुख्य सरगना फरार, लुकआउट जारी करने की तैयारी

इस मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे देवेंद्र कुमार साहू की तलाश जारी है। पुलिस उसके खिलाफ लुकआउट जारी करने की तैयारी कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, इस नेटवर्क से कई अन्य सटोरियों के जुड़े होने की आशंका है। बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की जांच पूरी होने के बाद मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Exit mobile version