जमशेदपुर गोलीकांड के 4 आरोपी अंबिकापुर में गिरफ्तार : आर्टिका कार से भागते हुए मणिपुर पुलिस ने दबोचा, झारखंड टीम पहुंची

पुलिस की गिरफ्त में सभी आरोपी

अंबिकापुर। जमशेदपुर में तीन लोगों पर फायरिंग की वारदात के बाद फरार हुए चार संदिग्ध शूटरों को अंबिकापुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। चारों आरोपी एक आर्टिका कार में सवार होकर झारखंड से छत्तीसगढ़ की ओर भाग रहे थे। झारखंड पुलिस के निर्देश पर ओडिशा और छत्तीसगढ़ में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।

चेकिंग के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़े चारों आरोपी
पुलिस के मुताबिक, झारखंड पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर अंबिकापुर जिले में भी संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मणिपुर थाना क्षेत्र में एक आर्टिका कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार चारों युवकों की पहचान के बाद उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चारों पर जमशेदपुर गोलीकांड में शामिल होने का संदेह है। वारदात के बाद आरोपी कार से मौके से फरार हो गए थे और लगातार अपना ठिकाना बदलते हुए छत्तीसगढ़ पहुंचे थे।

तीन लोगों को मारी गई थी गोली
जमशेदपुर में हुई फायरिंग की इस घटना में तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है। घटना के बाद झारखंड पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के राज्यों को अलर्ट किया था। इसी अलर्ट के बाद ओडिशा और छत्तीसगढ़ में अलग-अलग स्थानों पर वाहनों की जांच और नाकेबंदी की गई।

आरोपियों को लेने पहुंची झारखंड पुलिस की टीम
चारों आरोपियों की गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद झारखंड पुलिस की टीम अंबिकापुर पहुंच गई है। मणिपुर पुलिस द्वारा आरोपियों की मेडिकल जांच कराई जाएगी। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें झारखंड पुलिस के सुपुर्द किया जाएगा। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गोलीकांड के पीछे उनका क्या रोल था और वारदात के बाद वे किन रास्तों से होते हुए छत्तीसगढ़ पहुंचे।

Exit mobile version