मोहला-मानपुर। जिले के मानपुर ब्लॉक में एक दर्दनाक सड़क हादसे में करीब तीन वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसा खड़गांव थाना क्षेत्र के ग्राम घोटिया में हुआ, जहां बच्चों को स्कूल ले जाने पहुंची एक निजी स्कूल बस की चपेट में बच्ची आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, फ्लॉवर वैली इंग्लिश मीडियम स्कूल की बस बच्चों को लेने के लिए घोटिया गांव पहुंची थी। इसी दौरान बस की चपेट में आने से मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

मासूम की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने घोटिया-भर्रीटोला मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया और सड़क पर बैठकर विरोध जताया। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा कर स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोहला भेज दिया है। वहीं, फरार बस चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हादसे के बाद ग्रामीणों में स्कूल बस चालक की लापरवाही को लेकर नाराजगी है और वे जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।