नई दिल्ली। प्रेमी की बेवफाई से खफा प्रेमिका ने प्रेमी के घर के बाहर खुद को आग लगा ली। लड़की का हालत बेहद गंभीर है। मामला ग्वालियर के सैनिक कालोनी का है। पिंटो पार्क गोला का मंदिर स्थित सैनिक कालोनी में रहने वाले सतेंद्र सिंह चौहान स्कूल शिक्षक हैं। उनकी 21 साल की बेटी सृष्टि मुरार के विजया राजे सिंधिया कालेज में बीएससी थर्ड ईयर की छात्रा है। जानकारी के मुताबिक उसकी SLP कालेज में पढ़ने वाले आशीष पाठक से दोस्ती थी। दोनों के बीच लंबे समय तक अफेयर रहा। आशीष बीकाम थर्ड ईयर का छात्र है। दोनों 4-5 साल से रिलेशन में थे।बताया जाता है कि छात्रा 90% जल गई है। घटना शुक्रवार दोपहर सीपी कॉलोनी SLP कॉलेज के सामने की है।
शुक्रवार दोपहर वह दो लीटर की बोतल में पेट्रोल लेकर प्रेमी के घर पहुंची। सृष्टि ने आशीष को बाहर बुलाया, लेकिन वह नहीं आया। इसके बाद वह भड़क गई। घर से करीब 200 मीटर दूर पर SLP कॉलेज में अंदर गई। यहां खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। आग लगते ही वह कॉलेज के दूसरे नंबर के गेट से बाहर सड़क की तरफ दौड़ी और वहीं गिर पड़ी। लपटों से घिरी लड़की को देखते ही वहां आसपास लोगों ने पानी डालकर उसे बुझाया। साथ ही, उसे अस्पताल भिजवाया। पुलिस को भी सूचना दी। पिता को दोपहर में थाने से फोन आया, तब उन्हें भी सूचना मिली।
छात्रा के पिता सतेन्द्र का कहना है कि बेटी ने 10 दिन पहले आशीष के बारे में बताया था। साथ ही, शादी करने का जिक्र किया था। एक दिन पहले मैं आशीष के घर पहुंचा, तो पता लगा कि उसकी तीन दिन पहले ही सगाई हुई है। उसके परिजनों ने यह भी बताया कि रिश्ता लड़के की मर्जी से ही हुआ है। यह बात उन्होंने बेटी को बताई। इसको लेकर वह नाराज हो गई। तीन दिन पहले लड़के ने बेटी को मिलने भी बुलाया था। उस समय दोनों की बहस भी हुई थी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें छात्रा हाथ में पेट्रोल की बोतल ले जाते दिख रही है। इसके बाद कॉलेज के सामने भी आग की लपटों से घिरी हुई लड़की दिख रही है।