धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के संबलपुर से घरेलू विवाद का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां अपने तीन माह के मासूम बच्चे के लिए स्वेटर मांगना एक नवविवाहिता को भारी पड़ गया। आरोप है कि पति ने गुस्से में आकर पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर उसे आग के हवाले करने की कोशिश की। इस घटना में महिला करीब 30 प्रतिशत तक झुलस गई है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
आर्थिक तंगी को लेकर पति-पत्नी के बीच होता था विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता रेणुका साहू की शादी करीब एक साल पहले संबलपुर निवासी बलराम साहू से हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों के बीच आर्थिक परेशानियों को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी किसी लोन को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था।

बच्चे के लिए स्वेटर मांगने पर भड़का पति
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद रेणुका ने अपने तीन माह के बच्चे के लिए पति से स्वेटर खरीदने की बात कही। आरोप है कि इसी बात पर बलराम साहू तैश में आ गया और उसने पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घटना में रेणुका गंभीर रूप से झुलस गई। इसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज किया जा रहा है।
पीड़िता ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद पीड़िता ने अपने पति के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मामले में पुलिस की कार्रवाई और जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। इस घटना ने घरेलू विवाद और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

