रायपुर। राजधानी में हाई अलर्ट के बीच चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। हीरापुर इलाके में बदमाशों ने एक इस्पात फैक्ट्री को निशाना बनाते हुए चौकीदार को बंधक बना लिया और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद फैक्ट्री से बड़ी मात्रा में कॉपर वायर काटकर आरोपी फरार हो गए। चोरी किए गए वायर का वजन करीब 800 किलो और अनुमानित कीमत 10 से 12 लाख रुपये बताई जा रही है।
चौकीदार को बांधकर की पिटाई
मामला कबीर नगर थाना क्षेत्र स्थित अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री का है। पुलिस के मुताबिक, देर रात बदमाशों का एक गिरोह फैक्ट्री परिसर में दाखिल हुआ। उस समय वहां चौकीदार मौजूद था। आरोपियों ने पहले उसे अपने कब्जे में लिया और बांधकर उसकी बेरहमी से पिटाई की। चौकीदार के विरोध करने या शोर मचाने की आशंका को खत्म करने के बाद बदमाशों ने फैक्ट्री में रखे कॉपर वायर को काटना शुरू किया। बताया जा रहा है कि आरोपी करीब 800 किलो कॉपर वायर अपने साथ ले गए।
रात डेढ़ बजे से सुबह 5 बजे तक फैक्ट्री में रहे बदमाश
चौकीदार के अनुसार वारदात करीब रात 1:30 बजे शुरू हुई। बदमाश कई घंटे तक फैक्ट्री परिसर में मौजूद रहे और सुबह करीब 5 बजे वहां से फरार हुए। इस दौरान उन्होंने बड़ी मात्रा में कॉपर वायर को काटकर इकट्ठा किया और उसे लेकर निकल गए।
सबूत मिटाने CCTV और DVR भी ले गए
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने फैक्ट्री में लगे CCTV कैमरों को भी निशाना बनाया। बदमाश कैमरों के साथ रिकॉर्डिंग के लिए इस्तेमाल होने वाला DVR भी उखाड़कर अपने साथ ले गए, ताकि पुलिस को उनकी पहचान से जुड़े अहम सुराग न मिल सकें। घटना की जानकारी मिलने के बाद कबीर नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए कबीर नगर थाना पुलिस के साथ एसीसीयू की टीम भी जांच में जुटी हुई है। पुलिस आरोपियों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्तों का पता लगाने के लिए उपलब्ध सुरागों को खंगाल रही है।

