राजनांदगांव। शहर के सनसिटी क्षेत्र के पास बीती रात दो पत्रकारों के साथ हुई एक सनसनीखेज घटना ने कानून-व्यवस्था और पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तेज रफ्तार कार चालक ने पहले उनकी बाइक को टक्कर मारी और विवाद के बाद तीन बार कार से कुचलकर जान लेने की कोशिश की। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भिलाई टाइम्स के पत्रकार योगेश साहू और सौरभ एक कार्यक्रम की कवरेज कर अपने घर लखोली लौट रहे थे। इसी दौरान सनसिटी के पास सफेद रंग की ब्रेज़ा कार (CG 04 NE 1199) बिना इंडिकेटर दिए अचानक उनके सामने आ गई, जिससे दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। हादसे में पत्रकार सौरभ के पैर में गंभीर चोट आई है।

दुर्घटना के बाद जब दोनों पत्रकार कार चालक की तस्वीर लेने लगे तो चालक, जो नशे की हालत में था, गुस्से में आ गया। इसके बाद उसने कार से तीन बार दोनों पत्रकारों को कुचलने का प्रयास किया। दोनों पत्रकार किसी तरह दौड़कर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
घटना का वीडियो आया सामने
घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में सफेद रंग की कार तेज रफ्तार से पत्रकारों की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है, जबकि एक पत्रकार अपनी जान बचाने के लिए दौड़ता नजर आ रहा है।
अस्पताल में कराया गया उपचार
घटना के बाद घायल पत्रकारों ने अपने परिचितों को सूचना दी। अन्य पत्रकारों और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया। इसके बाद पूरे मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई।
पुलिस को सौंपे गए वीडियो और अन्य साक्ष्य
पीड़ित पक्ष का कहना है कि पुलिस को कार का नंबर, घटना का वीडियो और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य उपलब्ध करा दिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और वीडियो सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। SP अंकिता शर्मा ने बताया कि गाड़ी चालक का पता चल गया है। आरोपी अशोक गोलछा का बेटा प्रतीक सनसिटी का रहने वाला है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।