बस्तर में सनसनी: गड़े धन के लालच में 12 साल के मासूम की नरबलि की कोशिश, तांत्रिक बाबा समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

जगदलपुर (बस्तर)। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के कोहकापाल पंचायत से अंधविश्वास और खौफनाक वारदात का मामला सामने आया है। यहां गड़े धन के लालच में दो युवकों ने एक तांत्रिक बाबा के साथ मिलकर 12 साल के मासूम बच्चे की बलि देने का प्रयास किया। गनीमत रही कि बच्चा किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भाग निकला और अपनी जान बचाई। मामले में नगरनार थाना पुलिस ने तांत्रिक समेत तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ अपहरण और तंत्र-मंत्र की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।

आंख पर पट्टी बांधकर की तंत्र-विद्या

मिली जानकारी के मुताबिक, कोहकापाल निवासी लखीराम और गुरसाय ने गांव में गड़ा धन तलाशने के लिए एक तांत्रिक बाबा की मदद ली। आरोपियों ने 12 साल के मासूम का अपहरण किया और उसकी आंख पर पट्टी बांधकर तांत्रिक क्रियाएं शुरू कर दीं, ताकि तंत्र-विद्या के जरिए गड़े धन का पता लगाया जा सके। इसी बीच मौका पाकर बच्चा आरोपियों को चकमा देकर वहां से भाग निकला और घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई।

पुलिस की निष्क्रियता पर सीएसपी से शिकायत

घटना के बाद गांव में पंचायत बुलाई गई, जहां दोनों युवकों ने अपना गुनाह कबूल किया। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की शिकायत शुरुआत में नगरनार थाने में की गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। आरोपी गांव में खुलेआम घूम रहे थे, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। इसके बाद ग्रामीणों ने जगदलपुर पहुंचकर सीएसपी सुमित कुमार से मामले की शिकायत की, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।

BNS की गंभीर धाराओं में FIR दर्ज

सीएसपी सुमित कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच के आधार पर मामले में त्वरित कार्रवाई की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) (अपहरण), धारा 127(2) (बंधक बनाना), धारा 351(2) (आपराधिक धमकी) और धारा 3(5) (साझा मंशा) के तहत मामला दर्ज किया है।

अंधविश्वास में आकर ग्रामीणों को बहकाने वाले मुख्य तांत्रिक बाबा को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

दुर्ग में बड़ी कार्रवाई: हिस्ट्रीशीटर हरेराम प्रसाद 1 साल...

दुर्ग। जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुर्ग पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई लगातार जारी...

सरगुजा: खेत में मिली लावारिस नवजात बच्ची, मंत्री राजेश...

अम्बिकापुर/दरिमा। सरगुजा जिले के दरिमा क्षेत्र में खुले खेत में असहाय अवस्था में मिली एक नवजात बच्ची के मामले को राज्य के पर्यटन एवं...

खादी पर 25% की छूट के साथ ‘सेल्फी विद...

दुर्ग। छत्तीसगढ़ में खादी एवं ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और स्थानीय कारीगरों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने...

नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने पति पर लगाया...

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की...