स्कूल में घुसकर शिक्षक पर डंडे से हमला : सिर- हाथ और कमर में आई चोट, ट्रक से कुचलने की दी धमकी, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर क्षेत्र में एक प्राथमिक विद्यालय के भीतर सहायक शिक्षक पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि नशे की हालत में स्कूल पहुंचे एक व्यक्ति ने पहले कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और इसके बाद सहायक शिक्षक कमलेश गुप्ता पर डंडे से हमला कर दिया। शिक्षक के सिर, हाथ और कमर में चोटें आई हैं। आरोपी पर शिक्षक को जान से मारने और ट्रक से कुचलने की धमकी देने का भी आरोप है।

घटना बसंतपुर थाना अंतर्गत वाड्रफनगर चौकी क्षेत्र के मदनपुर प्राथमिक विद्यालय की है। शुक्रवार दोपहर करीब 1:45 बजे आरोपी प्रदीप मरावी विद्यालय परिसर में पहुंचा। बताया गया कि स्कूल कार्यालय के सामने उसने कर्मचारियों को धमकाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।

शिक्षक पर डंडे से किया हमला

इसके बाद आरोपी सहायक शिक्षक कमलेश गुप्ता के पास पहुंचा और कथित तौर पर डंडे से उन पर हमला कर दिया। हमले में शिक्षक के सिर, हाथ और कमर में चोटें आईं। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने शिक्षक को जान से मारने के साथ ट्रक से कुचलने की धमकी भी दी। स्कूल परिसर में अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद विद्यार्थियों में हड़कंप मच गया। मदद की आवाज सुनकर विद्यालय के अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे।

डायल 112 को दी गई सूचना

घटना के बाद डायल 112 को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शिक्षक तथा आरोपी को पुलिस वाहन से चौकी ले जाया गया। पूछताछ के दौरान शिक्षक ने पुलिस को बताया कि आरोपी इससे पहले भी इसी तरह की घटना कर चुका है और उस मामले में अपराध दर्ज हुआ था। शिक्षक के मुताबिक, इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने दोबारा घटना को अंजाम दिया।

FIR के बाद आरोपी गिरफ्तार

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

Exit mobile version