चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी बना आग का गोला, भाई-बहन ने कूदकर बचाई जान

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। भिलाईबाजार तालाब के पास हुई इस घटना में स्कूटी सवार भाई-बहन ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर खाक हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

कुसमुंडा से कटकीडबरी लौट रहे थे भाई-बहन

जानकारी के अनुसार, पीयूष कंवर अपनी दीदी के साथ इलेक्ट्रिक स्कूटी से कुसमुंडा से कटकीडबरी लौट रहा था। इसी दौरान भिलाईबाजार तालाब के पास अचानक चलती स्कूटी में आग लग गई। खतरे को भांपते हुए दोनों ने तुरंत स्कूटी से छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई।

कुछ ही देर में आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

इलेक्ट्रिक वाहनों में आग की घटनाओं से बढ़ी चिंता

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले कटघोरा कॉलेज के पास भी इसी तरह इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने की घटना सामने आई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा और उनकी तकनीकी गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हालांकि, भिलाईबाजार में स्कूटी में आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही आग लगने की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Exit mobile version