थाना परिसर में सौदेबाजी, वीडियो वायरल होने पर SP अंकिता शर्मा ने एएसआई और आरक्षक को किया निलंबित

डोंगरगढ़। एक बार फिर डोंगरगढ़ थाना सुर्खियों में है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक कथित वीडियो ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एएसआई रोहित खूंटे और आरक्षक लक्ष्मी शंकर कंवर को निलंबित कर दिया है।

वायरल वीडियो में थाना परिसर के भीतर संदिग्ध गतिविधियां नजर आने का दावा किया जा रहा है। फुटेज में एक एएसआई, जिसे रोहित खूंटे बताया जा रहा है, मोबाइल फोन में एक महिला की तस्वीर को ज़ूम कर देखते दिखाई दे रहा है। इस दृश्य ने पुलिस आचरण और कार्यशैली को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

इसके अलावा वीडियो में कथित तौर पर एक वर्दीधारी आरक्षक, जिसे लक्ष्मी शंकर कंवर बताया जा रहा है, किसी व्यक्ति से नगदी लेकर उसे अपनी जेब में रखते हुए दिख रहा है। वीडियो के आगे के हिस्से में एएसआई द्वारा बाहर आकर संबंधित व्यक्ति से और पैसों की मांग करने और मामला निपटाने की बात कहने के आरोप भी सामने आए हैं।

हालांकि, इस वीडियो की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सामने आए दृश्यों ने पूरे मामले को बेहद संवेदनशील बना दिया है। इसी के चलते पुलिस अधीक्षक ने दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल निलंबन की कार्रवाई की है। पुलिस विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सकेगी।

Exit mobile version