भिलाई की सियासत में ‘अडानी-BSP’ पर घमासान : मनीष पाण्डेय का देवेंद्र यादव पर हमला, बोले- चुनाव आते ही फैला रहे भ्रम

भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई में आगामी नगर निगम चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज होती नजर आ रही है। भाजपा नेता एवं श्रीराम जन्मोत्सव समिति युवा विंग के अध्यक्ष मनीष पाण्डेय ने भिलाई विधायक देवेंद्र यादव पर निशाना साधते हुए SIR और भिलाई स्टील प्लांट (BSP) को लेकर जनता के बीच भ्रम और भय फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने विधायक के दिल्ली में किए गए विरोध-प्रदर्शन के औचित्य पर भी सवाल उठाए हैं।

मनीष पाण्डेय ने जारी बयान में कहा कि SIR प्रक्रिया के तहत भिलाई में करीब 40 हजार नाम कटने के मामले में कांग्रेस के अधिकृत बीएलए-2 ने स्थानीय निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष आपत्तियां दर्ज कराई थीं। इन आपत्तियों पर प्रशासनिक स्तर पर सुनवाई की प्रक्रिया होने के बावजूद दिल्ली जाकर प्रदर्शन करने की क्या आवश्यकता थी? उन्होंने इसे राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करार दिया।

2018 के नौकरी के वादे को लेकर साधा निशाना

श्री पाण्डेय ने वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए दावा किया कि उस समय भिलाई के युवाओं को BSP में सीधी नौकरी दिलाने का वादा किया गया था, लेकिन यह पूरा नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि अब चुनाव नजदीक आने पर BSP के निजीकरण और अडानी समूह के नाम पर कर्मचारियों तथा शहर के लोगों के बीच डर पैदा करने की कोशिश की जा रही है।

कांग्रेस शासनकाल के फैसलों पर भी पूछे सवाल

मनीष पाण्डेय ने कांग्रेस शासनकाल का हवाला देते हुए विधायक देवेंद्र यादव से सवाल किया कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार के दौरान अडानी समूह से जुड़े बिजली प्रोजेक्ट, छत्तीसगढ़ में हसदेव अरण्य में पेड़ों की कटाई की अनुमति और भिलाई स्थित ACC सीमेंट के अधिग्रहण के समय उन्होंने विरोध क्यों नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव करीब आते ही निजीकरण के मुद्दे को राजनीतिक रूप से उठाया जा रहा है। पाण्डेय ने भिलाई की जनता से राजनीतिक दावों और आरोपों को तथ्यों के आधार पर परखने की अपील की है।

Exit mobile version