Bhilai News : पत्थर से सिर कुचलकर हत्या का प्रयास, युवक की हालत नाजुक

दुर्ग। भिलाई से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां युवक के सिर को पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या करने का प्रयास किया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।

घटना भिलाई नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 36, फल मंडी सतनाम नगर की है। यहां नील कमल जांगड़े पर जानलेवा हमला किया गया। परिजनों की शिकायत पर छावनी थाना में मामला दर्ज किया गया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने बताया कि शनिवार रात सतनामी पारा कैंप-2 में नीलू जांगड़े (28 वर्ष) और शिव कोसरे (32 वर्ष) के बीच आपसी विवाद हुआ था। विवाद के दौरान गुस्से में आकर शिव कोसरे ने सीमेंट रोड का एक पत्थरनुमा कंक्रीट हिस्सा उठाया और नीलू जांगड़े के सिर पर जोर से पटक दिया।

इस हमले में नीलू जांगड़े सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद उसे इलाज के लिए शासकीय अस्पताल सुपेला में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस को रात करीब 10 बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई। चोटें गंभीर होने के कारण घायल नीलू जांगड़े फिलहाल घटना के संबंध में बयान देने की स्थिति में नहीं है।

Exit mobile version