भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र में मंगलवार को कार्य के दौरान हुए हादसे में एक ठेका श्रमिक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 47 वर्षीय विनोद कुमार के रूप में हुई है। वे मेसर्स सहिकॉन इंजीनियरिंग एंड ट्रेडिंग में एसएसडब्ल्यू के तौर पर कार्यरत थे और ‘ए’ शिफ्ट में ड्यूटी पर थे।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 8:30 बजे ब्लास्ट फर्नेस-6 की पुशर कार-2 में तकनीकी खराबी की सूचना ऑपरेशन शिफ्ट प्रभारी ने मैकेनिकल शिफ्ट प्रभारी को दी। इसके बाद खराबी की जांच के लिए विनोद कुमार को पुशर कार के पास भेजा गया।
खराबी जांचने के दौरान अचानक चली पुशर कार
बताया जा रहा है कि विनोद कुमार पुशर कार-2 की खराबी की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मशीन अचानक चल पड़ी और उसकी चपेट में आने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद संयंत्र में हड़कंप मच गया। घायल श्रमिक को तत्काल एंबुलेंस की मदद से एमएमपी-1 ले जाया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने करीब सुबह 9 बजे जांच के बाद विनोद कुमार को मृत घोषित कर दिया।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद संयंत्र में सुरक्षा व्यवस्था और दुर्घटना के कारणों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी गई है। पुलिस और संयंत्र प्रबंधन की ओर से मामले की जांच की जा रही है।
