असम में भूपेश बघेल के काफिले पर पथराव : वीडियो जारी कर बोले- इन ताकतों से डरना नहीं, गांधीवादी तरीके से लड़ना है

असम में भूपेश बघेल के काफिले पर पथराव

रायपुर। असम के नगांव लोकसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री और असम कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल के काफिले पर कथित पथराव की घटना सामने आई है। कांग्रेस के मुताबिक, चुनावी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे बघेल के काफिले को बरमा इलाके में कुछ लोगों ने रोकने की कोशिश की। इस दौरान काले झंडे दिखाने और ‘गो बैक’ के नारे लगाने के बाद वाहनों पर पत्थर फेंके जाने का आरोप लगाया गया।

घटना के बाद भूपेश बघेल ने वीडियो संदेश जारी कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से ऐसी घटनाओं से नहीं डरने की अपील की। उन्होंने महात्मा गांधी के नेतृत्व में हुए स्वतंत्रता आंदोलन का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस ने अंग्रेजों के सामने भी डरकर रास्ता नहीं बदला था और सत्य व अहिंसा के रास्ते पर चलकर देश को आजादी मिली।

बघेल बोले- गांधीवादी तरीके से लड़ना है
भूपेश बघेल ने अपने संदेश में कहा कि असम कांग्रेस के साथियों को ऐसी ताकतों से डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को गांधीवादी तरीके से अपनी लड़ाई लड़नी है और इसी रास्ते पर आगे बढ़ना है। उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलते हुए काम कर रहे हैं। बघेल ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे किसी भी तरह की घटना से विचलित न हों और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी लड़ाई जारी रखें।

पथराव के बाद इलाके में बढ़ा तनाव
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, बरमा इलाके में काले झंडे और ‘गो बैक’ के नारे लगाए जाने के बाद स्थिति बिगड़ी और काफिले की ओर पत्थर फेंके गए। घटना के बाद मौके पर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई। घटना को लेकर कांग्रेस की ओर से आरोप लगाए गए हैं।

Exit mobile version