मतदाता सूची में गड़बड़ी पर कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने : मुकेश चंद्राकर बोले- विधायक रिकेश सेन क्यों झुठला रहे हकीकत?

भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई नगर निगम की प्रारंभिक मतदाता सूची में सामने आई गड़बड़ियों को लेकर कांग्रेस ने भाजपा विधायक रिकेश सेन पर निशाना साधा है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा कि मतदाता सूची में बड़ी संख्या में नामों के दूसरे वार्डों में दर्ज होने की शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लिया है। इसके बावजूद विधायक रिकेश सेन इन त्रुटियों को नकार रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है जैसे चुनाव आयोग ने विधायक को अपना प्रवक्ता नियुक्त कर दिया है।

42 वार्डों में 11,339 मतदाताओं के नाम दूसरे वार्डों में

मुकेश चंद्राकर के मुताबिक, भिलाई नगर निगम के 70 वार्डों में से 42 वार्डों के कुल 11,339 मतदाताओं के नाम उनके निर्धारित वार्डों के बजाय दूसरे वार्डों में दर्ज पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, महापौर नीरज पाल और विधायक देवेंद्र यादव सहित कांग्रेस नेताओं ने जिला प्रशासन के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। श्री चंद्राकर ने दावा किया कि महापौर के वार्ड में भी करीब 250 मतदाताओं के नाम दूसरे वार्ड में दर्ज होने की गड़बड़ी सामने आई है। कांग्रेस नेताओं ने इसे मतदाताओं के मतदान अधिकार और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता से जुड़ा गंभीर विषय बताया है।

सात अधिकारियों को नोटिस, तीन दिन में मांगा जवाब

श्री चंद्राकर ने कहा कि शिकायतों के बाद कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अभिजीत सिंह ने भिलाई नगर निगम क्षेत्र में मतदाता सूची तैयार करने से जुड़े सात अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अधिकारियों से तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। उनके अनुसार, यह कार्रवाई बताती है कि मतदाता सूची में सामने आई त्रुटियों को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है।

भाजपा पर त्रुटियों को नजरअंदाज करने का लगाया आरोप

उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रशासन ने अधिकारियों से जवाब मांगा है, तब विधायक रिकेश सेन इन गड़बड़ियों को पूरी तरह नकार क्यों रहे हैं? श्री चंद्राकर ने आरोप लगाया कि भाजपा इन त्रुटियों को नजरअंदाज कर रही है और चुनावी लाभ के लिए मतदाता सूची में गड़बड़ी कराए जाने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

दावा-आपत्ति की तारीख बढ़ने को भी बताया अहम

कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि मतदाता सूची में सुधार के लिए दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 3 नवंबर 2026 कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को सूची में अपना नाम और वार्ड की जानकारी जांचनी चाहिए तथा किसी भी तरह की त्रुटि मिलने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आपत्ति दर्ज करानी चाहिए।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

स्थापना दिवस पर छत्तीसगढ़ भवन समिति का निर्वाचन :...

रायपुर। छत्तीसगढ़ भवन शासकीय कर्मचारी विभागीय समिति की ओर से स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासकीय वाहन चालक यांत्रिक कर्मचारी...

राज्योत्सव के समापन में शामिल होंगे अमित शाह :...

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के समापन समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। 3 नवंबर को उनका रायपुर दौरा...

जन्मदिन के जश्न में शोर रोकना पड़ा भारी :...

बिलासपुर। शहर के राजकिशोर नगर इलाके में देर रात जन्मदिन के जश्न के दौरान तेज आवाज में ढोल-नगाड़े बजाने और पटाखे फोड़ने का विरोध...

सरपंच चुनाव में हार का बदला लेने रची हत्या...

मुंगेली। सरपंच चुनाव में महज 8-9 वोटों से मिली हार की रंजिश एक व्यक्ति की हत्या की वजह बन गई। मुंगेली जिले के ग्राम...