बड़ी खबर: भाजपा विधायक का बेटा गिरफ्तार, बाइक सवार को कार से ठोकर मारकर हुआ था फरार

रायपुर। राजधानी रायपुर के नेशनल हाईवे पर हिट एंड रन के मामले में भाजपा विधायक रेणुका सिंह के बेटे बलवंत सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस के तहत लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, घटना मंगलवार देर रात करीब 1:30 बजे की है। अग्रसेन धाम चौक के पास कार सवार भाजपा विधायक के बेटे ने बाइक सवार त्रिभुवन सिंह ठाकुर को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार चौक से गुजर रहा था, तभी तेज रफ्तार से आ रही कार बेकाबू होकर बाइक से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया, जहां युवक की हालत अभी भी गंभीर है। हादसे के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस को मौके से कार से जुड़े कुछ अहम सुराग मिले थे, जिसके आधार पर आज आरोपी बलवंत सिंह को गिरफ्तार किया।

Exit mobile version