बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में पुनर्वास केंद्र में रह रहे एक आत्मसमर्पित नक्सली की आत्महत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 26 वर्षीय नरसू बोडू, पिता लक्ष्मैया बोडू, निवासी कामकानार थाना गंगालूर क्षेत्र के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के साथ फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
फरवरी 2025 में किया था आत्मसमर्पण
मिली जानकारी के मुताबिक नरसू बोडू ने 27 फरवरी 2025 को बीजापुर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद से वह पुनर्वास केंद्र में रह रहा था। इसी केंद्र में उसकी मौत की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। पुलिस कारणों का पता लगाने के लिए मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
FSL टीम ने मौके पर की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। FSL की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल पर आवश्यक जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित जानकारी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
बीजापुर थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय बीजापुर भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मौत की परिस्थितियों को स्पष्ट करने का प्रयास किया जाएगा।

