बिलासपुर। छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक से जुड़े करीब 2.20 करोड़ रुपये के साइबर फ्रॉड मामले में तीन आरोपियों को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली है। अदालत ने अभिलाष कुमार डेनियल, आशीष तिवारी और नरेंद्र कुर्रे की जमानत याचिकाएं खारिज कर दी हैं। इस फैसले के बाद तीनों आरोपियों को फिलहाल जेल में ही रहना होगा।
बैंक खाते उपलब्ध कराने के बदले कमीशन लेने का आरोप
मामले के अनुसार, मई और जून 2026 के दौरान बैंक खाते में करीब 2.20 करोड़ रुपये जमा हुए थे। इसके बाद अलग-अलग माध्यमों से इस रकम को निकाल लिया गया। आरोप है कि साइबर ठगी से हासिल रकम के लेन-देन के लिए तीनों आरोपियों ने अपने बैंक खाते उपलब्ध कराए थे। इसके एवज में प्रत्येक आरोपी को 20-20 हजार रुपये कमीशन दिए जाने की बात सामने आई है।
हाईकोर्ट से नहीं मिली राहत
इस मामले में आरोपियों की ओर से जमानत के लिए हाईकोर्ट में याचिकाएं दाखिल की गई थीं। सुनवाई के बाद अदालत ने तीनों की याचिकाओं को खारिज कर दिया। फिलहाल इस फैसले के चलते आरोपियों की जेल से रिहाई का रास्ता बंद हो गया है।
